हाइलाइट्स
- कॉर्पोरेट सेक्टर और विदेशी निवेशकों के लिए किए गए अहम ऐलान के बाद गुलजार हुए शेयर बाजार
- शुक्रवार को सेंसेक्स 2,280 अंकों तक उछला, किसी एक दिन में उछाल का यह सबसे बड़ा रेकॉर्ड
- इससे पहले 18 मई 2009 को यूपीए की सरकार फिर से आने पर 2,110 अंक उछला था सेंसेक्स
- वित्त मंत्री ने जैसे ही कॉर्पोरेट टैक्स घटाने का ऐलान किया, घंटे भर में निवेशकों ने बनाए 5 लाख करोड़ रुपये
मुंबई
कॉर्पोरेट टैक्स में कटौती और कैपिटल गेन्स टैक्स सरचार्ज में छूट का वित्त मंत्री की ओर से ऐलान होते ही शेयर बाजार झूम उठा। दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स ने 2,280 अंकों तक की उछाल हासिल कर ली। हालांकि अब यह करीब 2200 अंकों की उछाल के साथ 38,200 के स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में महज एक दिन में ही करीब 6 फीसदी का यह जोरदार उछाल देखने को मिला है। ऐतिहासिक आंकड़ों के लिहाज से बात करें तो शेयर बाजार में महज एक दिन में यह अब तक की सबसे बड़ी उछाल है। इससे पहले 18 मई, 2009 को बाजार 2,110 पॉइंट उछला था।
तब तत्कालीन यूपीए सरकार के एक बार फिर से सत्ता में वापस लौटने का जश्न मार्केट ने मनाया था। अब कॉर्पोरेट सेक्टर और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों को छूट के जश्न में बाजार ने यह उछाल दर्ज किया है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन की यह उछाल बाजार बंद होने तक और ऊंची हो सकती है। यही नहीं निफ्टी में भी 500 से ज्यादा अंकों का उछाल आया है। आइए जानते हैं, कब-कब बाजार ने लगाई जोरदार छलांग...
20 सितंबर, 2019 | 2,280 पॉइंट्स |
18 मई, 2009 | 2,110 पॉइंट्स |
20 मई, 2019 | 1421 पॉइंट्स |
25 जनवरी, 2008 | 1139 पॉइंट्स |
25 मार्च, 2008 | 928 पॉइंट्स |
14 नवंबर, 2007 | 893 पॉइंट्स |
23 अक्टूबर, 2007 | 878 पॉइंट्स |
1 मार्च, 2016 | 777.35 पॉइंट्स |
12 अक्टूबर, 2018 | 732.43 पॉइट्स |
15 जनवरी, 2015 | 728.73 पॉइंट्स |
10 सितंबर, 2013 | 727.03 पॉइंट्स |
एक घंटे में ही निवेशकों ने बनाए 5 लाख करोड़ रुपये
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE के डेटा के मुताबिक, ऐलानों के तुरंत बाद बाजार चढ़ने लगा और कुछ ही देर में मार्केट कैपिटलाइजेशन (MCap) 143.45 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो गुरुवार को 138.54 लाख करोड़ रुपये था। यानी करीब 5 लाख करोड़ की बढ़त।